भारतीय जन कल्याण परिषद के किसान भाग्यमणि योजना का शुभारंभ

* पशुधन के संरक्षण और संवर्द्धन से आएगी समृद्धि : मोख्तार सिंह * पशुधन के संरक्षण और विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले शख्सियतों को सम्मानित किया गया

Feb 16, 2020 - 13:39
 0  20
भारतीय जन कल्याण परिषद के किसान भाग्यमणि योजना का शुभारंभ

रांची : भारतीय जन कल्याण परिषद ट्रस्ट द्वारा पशुधन के संरक्षण और संवर्धन के लिए रविवार को किसान भाग्यमणि योजना का शुभारंभ किया गया । इस योजना का मुख्य उद्देश्य गाय एवं बकरी के बच्चों को बचाना और उसका संवर्द्धन करना है। भारतीय जन कल्याण परिषद ट्रस्ट द्वारा संचालित किसान भाग्यमणि योजना के निदेशक राकेश कुमार सिंह ने कांटाटोली स्थित होटल जेनिस्टा ईन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मिशन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रख्यात गांधीवादी नेता और एचईसी परिसर स्थित गांधी आश्रम के संस्थापक मोख्तार सिंह ने कहा कि पशुधन के संरक्षण और संवर्द्धन से किसानों में खुशहाली आएगी। इससे हमारा देश व राज्य भी समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि गौ सेवा करने से घर से गरीबी और दरिद्रता दूर हो जाती है। गौ माता की सेवा सबसे बड़ी सेवा है। गाय, गीता और गौरी का निवास जिस घर में होता है, उस घर में लक्ष्मी का वास होता है। उन्होंने बताया कि गौ संरक्षण की दिशा में सरकारें भी सकारात्मक पहल करते हुए यथोचित सहयोग कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि जीवन का मकसद सिर्फ पैसा कमाना ही नहीं होना चाहिए। सेवा परमो धर्म: के सिद्धांत पर चलते हुए लोगों को अपने कर्तव्य पथ की ओर अग्रसर होते रहना चाहिए। अच्छे रास्ते पर चलेंगे, तभी सफलता प्राप्त होगी। सच्चाई के रास्ते पर चलकर ही हम सफल जीवन बिता सकते हैं। इसलिए जीवन में सच्चाई को स्वीकार कर आगे बढ़ें और यथासंभव गरीबों, लाचारों की मदद करें। उन्होंने कहा कि प्यासे को पानी और भूखे को भोजन देना सबसे बड़ा मानव धर्म है। वहीं,पशुधन की रक्षा करते हुए हम किसानों की खुशहाली ला सकते हैं। इस अवसर पर लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और सैंफोर्ड अस्पताल के प्रबंध निदेशक भानु प्रताप सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि पशुधन संरक्षण और संवर्द्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शख्सियतों को सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में पशु चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और योगदान के लिए रांची वेटनरी कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ डीके ठाकुर, गौ सेवा के लिए रांची गौशाला के एस बरुआ, मत्स्य पालन क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले अभिजीत मांझी, पशु चिकित्सा के क्षेत्र में एक सशक्त टीम निर्माण करने वाली संस्था मानभूम मेडिकल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, पुरुलिया शामिल हैं। मौके पर मौजूद डॉ.नंदनी कुमारी ने गौ-संरक्षण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर डॉ. एस के ठाकुर, डॉ.घनश्याम सिंह, अतुल प्रताप सिंह, सौरभ प्रताप सिंह सहित काफी संख्या में पशुपालक, मत्स्य पालक व कृषक मौजूद थे। समारोह के समापन अवसर पर किसान भाग्यमणि योजना के निदेशक आरके सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0