भारतीय एकता कमेटी की मुख्यमंत्री से मार्मिक अपील

कहा, संकट में गरीबों की मदद करें सरकार

May 29, 2021 - 12:04
 0  17
भारतीय एकता कमेटी की मुख्यमंत्री से मार्मिक अपील

रांची। सामाजिक संस्था भारतीय एकता कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कोरोना संक्रमण काल के दौरान संकट से जूझ रहे गरीबों और जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के दौरान राजमिस्त्री, रेजा-कुली, रिक्शा चालक, मजदूर, ठेला खोमचा पर सामान बेचकर बमुश्किल जीविकोपार्जन करने वाले, हाट-बाजारों में सब्जी बेचकर परिवार का पेट पालने वाले लोगों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। लाॅकडाउन में खासकर गरीब तबके के लोगों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा है कि लाॅकडाउन के दौरान सरकार ऐसे गरीबों के प्रति किसी प्रकार की योजना संचालित नहीं कर रही है। रोज कमाने-खाने वालों पर संकट गहरा गया है। उन्होंने गरीबों की परेशानियों को देखते हुए
मुख्यमंत्री से लॉकडाउन के दौरान ऐसे लोगों को भी छूट देने की मांग की।
उन्होंने बताया कि शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। गरीबों की बस्तियों और स्लम एरिया में लाॅकडाउन से लोगों की हालत काफी खराब है। लोग भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे लोगों को मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर गरीबों को अविलंब राहत कार्य पहुंचाने की जरूरत है। गुलाम मुस्तफा ने ऐसे संकट के समय गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करने के लिए स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी आगे आने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0