पटना में BMP के 5 जवान कोविद -19 से संक्रमित

May 9, 2020 - 12:40
 0  25
पटना में BMP के 5 जवान कोविद -19 से संक्रमित

पटना : राजधानी के खाजपुरा से बिहार मिलिट्री पुलिस (बीएमपी) के 5 जवान कोरोना से संक्रमित पाए गए है। ये सभी जवान बीएमपी से रिटायर हवलदार जो पूर्व में ही कोरोना पॉजिटिव पाये गए थे, उनके साथ मेस में खाना खाते थे।बिहार मिलिट्री पुलिस (बीएमपी) की बैरक नंबर 14 से एक साथ पांच नए मरीज मिलने से जवानों में खौफ बढ़ गया है। शनिवार की दोपहर खुद डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय निरीक्षण के लिए पहुंचे। उनके साथ बीएमपी के एडीजी समेत तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान डीजीपी ने सफाई और व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने पटना स्थित बीएमपी की पांचों बटालियन का जायजा लिया।

सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर चौधरी ने बताया कि गुरुवार को जिस सेवानिवृत्त जवान की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, वह डायबिटिक था। इसके अलावा व खाजपुरा शिवमंदिर के पीछे से लेकर एक किलोमीटर के दायरे मे कई जगह जाया करता था। पांच अन्य जवान भी आसपास के क्षेत्र में कई जगह बैठा करते थे। इसे देखते हुए पूरे क्षेत्र में सघन जांच की जाएगी। कोरोना पॉजिटिव पाए गए पांच जवानों की ड्यूटी इस बीच कहां-कहां लगी थी और वह किन-किन लोगों के संपर्क में आए थे, इसकी जानकारी अधिकारियों से एकत्र की जाएगी। जिन इलाकों में उन्होंने ड्यूटी की है, वहां की स्क्रीनिंग के साथ संपर्क में आए लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे जाएंगे।

लॉकडाउन में शहर में कानून-व्यवस्था और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए बीएमपी के करीब 70 जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इन जवानों को मीठापुर सब्जी मंडी, बाजार समिति फलमंडी, दीघा सब्जी मार्केट, बहादुरपुर, मां शीतला मंदिर, दलदली समेत शहर के कई मेन सब्जी बाजार व अन्य स्थानों पर तैनात गया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0