झारखण्ड में कोरोना से दूसरी मौत,रांची के हिंदपीढ़ी का रहने वाला था मृतक,पुलिस-प्रशासन अलर्ट

Apr 12, 2020 - 11:56
 0  14
झारखण्ड में कोरोना से दूसरी मौत,रांची के हिंदपीढ़ी का रहने वाला था मृतक,पुलिस-प्रशासन अलर्ट

रांची : राजधानी के हिंदपीढ़ी से झारखण्ड में दस्तक देने वाली कोरोनावायरस ने हिंदपीढ़ी के एक बुजुर्ग की जान ले ली। 60 वर्षीय मृतक हिंदपीढ़ी के रहने वाले थे और दूसरी कोरोना पॉजिटिव मरीज के पति थे। रांची में अब तक 8 कोरोना संक्रमितों की पहचान की जा चुकी है। सभी हिंदपीढ़ी के रहने वाले हैं। पुलिस ने इस क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया है। ना कोई यहां आ सकता है और ना ही यहां से कोई बाहर निकल सकता है। वहीं, दूसरी ओर पुलिस-प्रशासन 21 दिन के लॉकडाउन के 19वें दिन काफी सख्ती से लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दे रही है।

रांची में कोरोना संक्रमित मरीज की मौत के बाद पुलिस-प्रशासन काफी अलर्ट हो गई है। कहीं भी बिना वजह घर से बाहर निकलने वाले लोगों को फटकार लगा घरों में भेजा जा रहा है। वहीं, रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में कई जगहों पर अब लोग सोशल डिस्टेंस का पालन करते नजर नहीं आए। हमेशा की तरह सुबह सब्जी खरीदारी के लिए लोग भीड़ में जुटे। वहीं, कई जगहों पर पुलिस ने सख्ती से सोशल डिस्टेंस मैंटेन कर सब्जी खरीदारी करने की हिदायत दी। शहर में सुबह से पुलिस सड़कों पर मौजूद है। बेवजह सड़क पर निकले लोगों से कड़ाई से निपट रही है।

इधर, हिंदपीढ़ी क्षेत्र के सभी इंट्री प्वाइंट पर ‘यह कोरोना कंटेनमेंट जोन है’ का बोर्ड जिला प्रशासन ने लगा दिया। इसके तहत दूसरे क्षेत्र के लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। वहीं, शनिवार की सुबह से इंट्री प्वाइंट पर तैनात मजिस्ट्रेट व पुलिसकर्मियों ने हिंदपीढ़ी के आम लोगों और वॉलेंटियर्स को भी बाहर निकलने नहीं दिया। इलाके में प्रतिनियुक्त 24 वॉलेंटियर्स में बाहर तैनात 11 वॉलेंटियर्स आम लोगों की जरूरत का सामान अंदर वॉलेंटियर्स तक पहुंचा रहे थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0