कोरोना के खिलाफ जंग में जांबाज योद्धा के रूप में डटे हैं तुषारकांति शीट

May 11, 2020 - 11:59
 0  12
कोरोना के खिलाफ जंग में जांबाज योद्धा के रूप में डटे हैं तुषारकांति शीट

रांची : वैश्विक महामारी कोरोनावायरस के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी है। इसमें स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित हर आम व खास की महत्वपूर्ण सहभागिता है। कोरोना से बचाव के लिए किए गए देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान सरकारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने में पुलिसकर्मियों, सफाईकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों सहित सामाजिक संगठनों के वोलंटियर्स और अन्य समाजसेवियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उक्त सभी कोरोना वाॅरियर्स के प्रयासों का ही प्रतिफल है कि झारखंड में यह महामारी कुछ हद तक नियंत्रित है।

लाॅकडाउन से प्रभावित लोगों की सेवा के लिए कई सामाजिक कार्यकर्ता भी कोरोना योद्धा के रूप में मैदान में डटे हैं। ऐसे ही योद्धाओं और कर्मयोगियों में एक नाम शुमार है राजधानी के निवारणपुर मुहल्ला निवासी लोकप्रिय समाजसेवी तुषार कांति शीट का। श्री शीट विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हैं। लाॅकडाउन के दौरान गरीबों को हो रही परेशानियों के मद्देनजर वे अपने सहयोगियों संग पीड़ित मानवता की सेवा में जुटे हैं। राजधानी के निवारणपुर स्थित आदिम जाति सेवा मंडल में अनाथ बच्चों की दिक्कतों को देखते हुए उन्होंने उनके लिए भोजन सहित अन्य उपयोगी सामानों की व्यवस्था की। वहीं, तपोवन मंदिर में रह रहे श्रमिकों के भोजन के लिए खाद्यान्न उपलब्ध कराया। निवारणपुर स्थित कुष्ठ कॉलोनी में गरीबों के बीच राशन और अन्य जरूरी सामानों का वितरण किया। उन्होंने तुपुदाना स्थित रामकृष्ण मिशन टीवी सेनेटोरियम में गरीबों के भोजन के लिए खाद्य सामग्री उपलब्ध कराया।

इसके अलावा श्री शीट शहर के विभिन्न मुहल्लों के गरीबों को चिन्हित कर उन्हें यथासंभव सहयोग करने के लिए सतत प्रयासरत रहते हैं। समाजसेवा के प्रति उनके इस जज्बे और जुनून को देखकर उनके अन्य सहयोगी भी उनका साथ देने में जुट गए हैं। श्री शीट के पड़ोसी और शहर के जाने-माने समाजसेवी राकेश कुमार सिंह भी ऐसे संकट के समय समाजसेवा के प्रति कार्यों को गति देने में जुटे हैं। श्री शीट पशु प्रेमी और पर्यावरण प्रेमी भी हैं। वे लाॅकडाउन के दौरान बेजुबान जानवरों की पीड़ा समझते हुए प्रतिदिन शाम में लावारिस जानवरों को खाना खिलाते हैं। इसमें कुत्ते, बकरी,गाय,बैल आदि शामिल रहते हैं। समाजसेवा के प्रति उनका संकल्प और समर्पण अनुकरणीय ही नहीं प्रेरणास्रोत भी है।
वैश्विक महामारी कोरोना के प्रकोप से बचने के लिए वह सोशल मीडिया के जरिए सबों से लाॅकडाउन का पालन करने और सार्वजनिक स्थलों पर शारीरिक दूरी बनाए रखने की अपील करते हैं। उनका मानना है कि लाॅकडाउन का पालन करते हुए हम अपने घरों में रहकर कोरोना को मात दे सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0