केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त : शशिभूषण राय

Jun 11, 2021 - 17:38
 0  6
केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त : शशिभूषण राय

रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता शशिभूषण राय ने कहा कि केंद्र की भाजपानीत सरकार की जनविरोधी नीतियों से देश की जनता त्रस्त है। खाद्यान्नों, पेट्रोलियम पदार्थों सहित अन्य जनोपयोगी सामग्रियों की कीमतें दिन-ब-दिन आसमान छूती जा रही हैं। महंगाई पर काबू पाने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी सहित केंद्र सरकार के कई ऐसे अदूरदर्शितापूर्ण निर्णयों से लाभ की बजाय देश को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
श्री राय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 11 जून (शुक्रवार)को प्रस्तावित पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि के खिलाफ देशव्यापी धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव पूर्व जनता से यह वादा किया था कि वह सत्ता में आते ही पेट्रोल-डीजल के दाम कम करेगी। लेकिन इसके बिल्कुल विपरीत पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि जारी है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। बढ़ी हुई कीमतों का असर आम आदमी की जिंदगी पर पड़ रहा है। जहां एक तरफ मंहगाई में काफी वृद्धि हुई है तो दूसरी तरफ वैश्विक महामारी कोरोना जैसे संकटकाल में भी आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपानीत मोदी सरकार देश के कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों और बड़े औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। आम जनता की परेशानियों से मोदी सरकार को कोई लेना-देना नहीं रह गया है।
देश के विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण को मोदी सरकार बढ़ावा दे रही है। इसके पीछे उनकी मंशा कुछ पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाना है।
श्री राय ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों पर नियंत्रण और महंगाई पर यथाशीघ्र काबू नहीं पाया गया, तो स्थिति विस्फोटक हो सकती है। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी जनांदोलन शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को यथाशीघ्र नियंत्रित करे, महंगाई से त्रस्त जनता को राहत पहुंचाए,अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0