इंडियन कोरोना वाॅरियर्स के सम्मान से नवाजे गए तुषार कांति शीट

May 13, 2020 - 12:06
 0  11
इंडियन कोरोना वाॅरियर्स के सम्मान से नवाजे गए तुषार कांति शीट

रांची : रामकृष्ण सेवा संघ के सहायक सचिव और जाने-माने समाजसेवी तुषार कांति शीट को “इंडियन कोरोना वाॅरियर्स” के सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें लाॅकडाउन के दौरान विषम परिस्थितियों में भी पीड़ित मानवता के प्रति उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के लिए दिया गया। उत्तरप्रदेश के नोएडा के सेक्टर तीन स्थित पीस जस्टिस ह्यूमनिटी एंड रिलीफ फाउंडेशन की ओर से चेयरमेन डॉ.आरिफ नसीर बट्ट व लर्जे जेरोशाव तातरोवस्की ( एंबेसेडर, एमएचसी-आईएचआरसी) ने कोरोना संक्रमण काल में एक जांबाज योद्धा के रूप में कार्य करने के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। श्री शीट ने बताया कि वे इंडिया कोरोना वाॅरयर्स का सम्मान पाने वाले शहर के पहले समाजसेवी हैं।

गौरतलब है कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के मद्देनजर किए गए देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान तुषार कांति शीट लगातार पीड़ित मानवता की सेवा में जुटे हैं। गरीबों को चिन्हित कर उन्हें खाना खिलाना, जरूरतमंदों के बीच खाद्यान्न का वितरण करना उनकी दिनचर्या में शुमार है। श्री शीट इंसान तो इंसान, लावारिश व बेजुबान जानवरों की सेवा में भी तत्पर रहते हैं। लावारिस कुत्ते, बकरियों, गाय, बैल आदि को भी निवाला देने में उनकी तत्परता देखते ही बनती है। मोहल्लेवासियों के बीच तुषार दा के नाम से लोकप्रिय श्री शीट लॉकडाउन का अनुपालन करने के लिए सोशल मीडिया पर भी लोगों से लगातार अपील कर रहे हैं। उन्हें इंडियन कोरोना वॉरियर्स का सम्मान प्राप्त होने पर विभिन्न संगठनों और समाजसेवियों ने बधाई दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0