महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

Jul 7, 2022 - 11:46
 0  4
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

मोदी सरकार के शासनकाल में महंगाई और बेरोजगारी से जनता त्रस्त: सुबोधकांत सहाय

रांची। केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस की कीमतों में की गई वृद्धि के खिलाफ गुरुवार को राजधानी के अल्बर्ट एक्का चौक पर कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार से त्रस्त है। केंद्र सरकार जनता को राहत देने की बजाय चंद पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है। बेतहाशा महंगाई से आम लोगों का जीना दूभर हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अडाणी और अंबानी जैसे पूंजीपतियों को बढ़ावा देने में जुटे हैं।
श्री सहाय ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एक-एक कर देश की प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रमों को निजी पूंजीपतियों को सौंप रही है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को नियंत्रित करने में भी केंद्र सरकार विफल रही है। पेट्रोल, डीजल और गैस की मूल्य वृद्धि से हर क्षेत्र का व्यवसाय प्रभावित होता है। इसका असर आम जनता पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान है। आने वाले दिनों में भाजपा को महंगाई की मार से त्रस्त देश की जनता करारा जवाब देगी।
विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह, रांची महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, युवा कांग्रेस के महासचिव मेहुल प्रसाद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुमार राजा, राजन वर्मा, राकेश सिन्हा सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0