72 घंटे में दारोगा के हत्यारों का पता लगाएगी SIT, पड़ताल शुरू

Aug 4, 2024 - 01:32
 0  85
72 घंटे में दारोगा के हत्यारों का पता लगाएगी SIT, पड़ताल शुरू

रांची में स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनुपम कुमार कच्छप की हत्या की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का किया गया है. एसआईटी को 72 घंटे में मामले का खुलासा करने की जिम्मेदारी दी गई है. पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) अमर कुमार पांडेय इस टीम की अगुवाई करेंगे. शनिवार (3 अगस्त) को सुबह में स्पेशल ब्रांच में पदस्थापित अवर निरीक्षक अनुपम कुमार कच्छप का शव रिंग रोड पर मिला था.

दोस्तों संग पार्टी करने निकले थे अनुपम

पुलिस ने बताया कि है कि इस संबंध में राँची ज़िले के कांके थाना में कांड संख्या 220/2024 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस के मुताबिक, 2 और 3 अगस्त की रात अनुपम अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए निकले थे. इसी क्रम में कांके थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में रिंग रोड पर अमर होटल के पास उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई.

DSP 1 के नेतृत्व में SIT का गठन 

पुलिस ने बताया कि अनुपम कुमार को गोली मारने वाले अज्ञात अपराधकर्मियों की पहचान के लिए डीएसपी (मुख्यालय-प्रथम) के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी में सिल्ली के डीएसपी रणवीर सिंह, पुलिस निरीक्षक सह कांके के थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा, टाटीसिल्वे के थाना प्रभारी मनोज कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिन्हा, धुर्वा के थाना प्रभारी केके साहू, लालपुर के थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह, पुलिस केंद्र रांची में तैनात पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार, पुलिस केंद्र रांची के कमलेश पासवान और तकनीकी शाखा के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है.

72 घंटे में हत्यारों को पकड़ना है 

पुलिस ने कहा है कि मामले की तत्काल जांच शुरू कर दी गई है. जांच के दौरान पुलिस की टीम ने फॉरेंसिक साइंस की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया. एफएसएल की टीम ने भी अपने स्तर से जांच की. आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. पुलिस, एफएसल के साथ-साथ तकनीकी जांच भी जारी है. पुलिस ने कहा है कि इस कांड का उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. एसआईटी से कहा गया है कि 72 घंटे के भीतर केस को सॉल्व करें.

पुलिस लाइन में अनुपम कुमार कच्छप को दी गई श्रद्धांजलि

इससे पहले पुलिस लाइन में अनुपम कुमार कच्छप को श्रद्धांजलि दी गई. स्पेशल ब्रांच के आईजी प्रभात कुमार, रांची रेंज के डीआईजी, रांची के एसएसपी सहित कई पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने अनुपम को अंतिम सलामी दी.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0