फरार अपराधियों में मचा हड़कंप, एक दिन में सौ से ज्यादा हुए गिरफ्तार

अपराधियों की गिरफ्तारी रांची के चुटिया, रातू, टाटीसिलवे, मांडर, तुपुदाना ओपी, ओरमांझी, पुंदाग, ईटकी, बरियातू, नामकुम, नगड़ी, डोरंडा, सिल्ली, अनगड़ा, ठाकुरगांव, कोतवाली, लोअर बाजार, धुर्वा, जगन्नाथपुर और चान्हो थाना क्षेत्र से हुई है।

Aug 5, 2024 - 19:39
 0  105
फरार अपराधियों में मचा हड़कंप, एक दिन में सौ से ज्यादा हुए गिरफ्तार

डीजीपी अनुराग गुप्ता के निर्देश पर आठ जिलों में पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया।  जिसके बाद 24 घंटे के भीतर  94 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह छापामारी अभियान रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा, जमशेदपुर, सरायकेला- खरसावां और चाईबासा में चलाया गया था। रांची जिला से सबसे अधिक 35 गिरफ्तारी हुई है। 

डीजीपी ने बताया कि अभियान के दौरान खूंटी जिला से आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज पुराने केस में फरार एक-एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा कि इनमें ज्यादातर वैसे अपराधी हैं जो संपत्ति के लिए अपराध की घटना को अंजाम देते हैं। ये लंबे समय से पुलिस की नजर में फरार चल रहे थे। इन अपराधियों की गिरफ्तारी रांची के चुटिया, रातू, टाटीसिलवे, मांडर, तुपुदाना ओपी, ओरमांझी, पुंदाग, ईटकी, बरियातू, नामकुम, नगड़ी, डोरंडा, सिल्ली, अनगड़ा, ठाकुरगांव, कोतवाली, लोअर बाजार, धुर्वा, जगन्नाथपुर और चान्हो थाना क्षेत्र से हुई है। 

गिरफ्तार अपराधियों में फिरोज कुरैशी, मुर्शीद कुरैशी, मो वसीम और बबलू उर्फ कयामत भी शामिल है। उन्होंने कहा कि धुर्वा थाना क्षेत्र से आर्म्स एक्ट के केस में फरार छोटू मंडल उर्फ कैलाश की गिरफ्तारी हुई है। जमशेदपुर से आर्म्स एक्ट केस में फरार कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। गौरतलब है कि डीजीपी ने शनिवार को रांची जोन के पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक में छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इसके बाद शनिवार रात से लेकर रविवार की सुबह तक छापेमारी अभियान चलाया गया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0