अंजुमन इस्लामिया अस्पताल में मनोरोगियों के लिए चिकित्सा सेवाएं शुरू

तनावमुक्त जीवन मनोरोग से बचाव में सहायक : डॉ. एमएस जफर

Mar 8, 2022 - 15:31
 0  9
अंजुमन इस्लामिया अस्पताल में मनोरोगियों के लिए चिकित्सा सेवाएं शुरू

रांची। शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान अंजुमन इस्लामिया अस्पताल में अब मनोरोग चिकित्सक की सेवाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल के ओपीडी में मनोरोग चिकित्सक डॉ. एमएस जफर ने सोमवार से सेवाएं देनी शुरू कर दी है। डॉ. जफर सप्ताह में दो दिन (सोमवार और मंगलवार) अंजुमन इस्लामिया अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे।
इस संबंध में अंजुमन अस्पताल के प्रशासक अतीकुर्रहमान और अस्पताल के अध्यक्ष इबरार अहमद ने डॉ.जफर का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में मनोरोग चिकित्सक की सेवाएं ओपीडी में उपलब्ध होने से मनोरोगियों को काफी सुविधा होगी।
इस अवसर पर डॉ. जफर ने कहा कि मौसम परिवर्तन के समय विशेष रूप से मनोरोगियों का ख्याल रखना जरूरी है। तनाव मुक्त जीवन से मनोरोग से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भरपूर नींद लें। तनावमुक्त रहें और नशा पान न करें। खुशहाल जिंदगी जीने की कोशिश करें। तंबाकू,शराब, अल्कोहल आदि का सेवन न करें। मनोरोग के लक्षण दिखने पर तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क करें। डॉ. जफर ने कहा कि मनोरोगियों के लिए भांग, गांजा, अल्कोहल, कोरेक्स सहित अन्य नशीले पदार्थों का सेवन जानलेवा साबित हो सकता है। विशेषकर युवा वर्ग के लोगों को नशा से दूर रहने की उन्होंने सलाह दी। डॉ. जफर ने कहा कि सिर दर्द को हल्के में न लें। गंभीर सिरदर्द मिर्गी के लक्षण भी हो सकते हैं। वहीं, मंदबुद्धि बच्चों को भी खुशहाल माहौल देना जरूरी है। तनाव से बचें। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियां हर इंसान के साथ आती है। लेकिन समय के अनुसार अपने आपको ढालने की आदत डालें। चुनौतियों का डटकर सामना करें। हताशा और निराशा से सदैव दूर रहें। तभी मनोरोग से दूर रह सकते हैं।
डॉ. जफर ने बताया कि सिजोफ्रेनिया (मनोविद्वलता), उदासी, उत्तेजना, चिंता, पैनिक डिसऑर्डर, माइग्रेन, डिमेंशिया (भूलने की बीमारी), नींद की बीमारी, नींद कम आना, मिर्गी, यौन संबंधी मानसिक रोग, हिस्टीरिया, एडिक्शन, नशे आदि का सेवन, बचपन में होने वाली बीमारियां मंदबुद्धि, पढ़ाई में मन नहीं लगना आदि का समुचित इलाज मनोरोग विशेषज्ञ की देखरेख में अंजुमन इस्लामिया अस्पताल में अब उपलब्ध होगी।
अस्पताल के अध्यक्ष इबरार अहमद ने बताया कि मनोरोगियों के लिए उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा अंजुमन इस्लामिया में उपलब्ध कराई गई है।
अस्पताल के प्रशासक अतीकुर्रहमान ने बताया कि मरीजों को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने की दिशा में अंजुमन इस्लामिया अस्पताल सतत प्रयासरत है। अस्पताल प्रबंधन की कोशिश है कि कम से कम खर्च में मरीजों का बेहतर इलाज हो सके। पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से विशेष ख्याल रखा जाता है।
इस मौके पर मोहम्मद नजीर, शहजाद बबलू, हाजी नवाब, ग्यासुद्दीन मुन्ना, जफर कमाल, मोहम्मद जावेद सहित अन्य मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0