निजी स्कूलों के खिलाफ अभिभावक संघ ने पोस्टकार्ड अभियान चलाकर जताया विरोध

Jul 7, 2021 - 11:55
 0  8
निजी स्कूलों के खिलाफ अभिभावक संघ ने पोस्टकार्ड अभियान चलाकर जताया विरोध

रांची। झारखंड अभिभावक संघ द्वारा निजी स्कूलों की मनमानी के विरोध में “सात वार सात गुहार” अभियान के तहत बुधवार को कार्यक्रम के आखिरी दिन झारखंड के राज्यपाल के नाम पोस्ट कार्ड अभियान चलाया गया। इसी के तहत शहीद चौक के समक्ष मुख्य डाकघर में पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की गई।  इस अवसर पर झारखंड अभिभावक संघ के अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में प्ले कार्ड और पोस्ट कार्ड के साथ मुख्य डाकघर के समक्ष पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की गई।
 इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए अभिभावक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि नए राज्यपाल रमेश बैस से अभिभावकों को  काफी आशा है कि वह राज्य के लाखों अभिभावकों की पीड़ा को समझते हुए प्राइवेट स्कूलों के मनमानी पर लगाम लगाने की पहल  करेंगे।
अजय राय ने कहा कि पिछले एक जुलाई से लेकर सात जुलाई तक “सात वार सात गुहार” के तहत आंदोलन चलाया गया। जिसके तहत उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन से लेकर राज्य के प्रमुख चौक चौराहों पर मौन प्रदर्शन ,जनप्रतिनिधियों के आवास पर मौन प्रदर्शन , सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के साथ-साथ  मीडिया हाउस से  समर्थन मांगने का कार्यक्रम चलाए गए। अजय राय ने बताया कि एक सप्ताह तक चले इस आंदोलन में हर जिले में झारखंड अभिभावक संघ के साथ अभिभावकों ने पूर्ण सहयोग दिया। जिससे इस आन्दोलन को काफी बल मिला। श्री राय ने बताया कि यह आंदोलन का दूसरा चरण था।
अजय राय ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही इसपर निर्णय नहीं लेती है,‌तो झारखंड अभिभावक संघ आंदोलन के तीसरे चरण में स्कूल के साथ साथ सरकार के खिलाफ भी आंदोलन की शुरुआत करेगी। कार्यक्रम में बबलू चौधरी, विकास सिन्हा, देव आनंद राय, मुकेश सिन्हा, बबलू कुमार, मुकेश साहू, धनंजय कुमार, मनोज कुमार सहित अन्य शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0