गया में लोकतंत्र का उत्सव: 68.52% मतदान, महिलाओं और युवाओं में दिखा जोश

गया में लोकतंत्र का उत्सव: 68.52% मतदान, महिलाओं और युवाओं में दिखा जोश

Nov 12, 2025 - 01:45
 0  29
गया में लोकतंत्र का उत्सव: 68.52% मतदान, महिलाओं और युवाओं में दिखा जोश

गयाजी। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के अंतिम चरण में आज गया जिले में मतदान उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखाई दीं। लोकतंत्र के इस महापर्व में हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, लेकिन महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कई मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से ही महिलाएँ कतार में खड़ी दिखीं। जिले में कुल औसत मतदान प्रतिशत 68.52% दर्ज किया गया। ग्रामीण इलाकों में शहरी क्षेत्रों की तुलना में अधिक मतदान हुआ।

जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा — बेलागंज में सर्वाधिक 73.21%, बराचट्टी में 73.14%, शेरघाटी में 72.17%, और गुरुआ में 71.02% मतदान हुआ। वहीं बोधगया में 69.97%, टिकारी में 69.75%, इमामगंज में 66.68%, वजीरगंज में 66.23%, अत्री में 63.60%, और गया टाउन में सबसे कम 59.45% मतदान दर्ज किया गया।
प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए थे। वेबकास्टिंग, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस बल की तैनाती से मतदान केंद्रों पर सतर्कता सुनिश्चित की गई। बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्थाएँ की गई थीं।
पहली बार वोट डालने वाले युवाओं ने इसे जीवन का यादगार क्षण बताया। उन्होंने कहा कि मतदान के माध्यम से राज्य के उज्जवल भविष्य के निर्माण में योगदान देना गर्व की बात है। गया जिले में आज लोकतंत्र का पर्व एक उत्सव की तरह मनाया गया, जहाँ नागरिकों ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0