महानगर औद्योगिक महावीर मंडल की वार्षिक बैठक आयोजित , वेद प्रकाश सिंह अध्यक्ष मनोनीत

रामनवमी में सभी अखाड़ाधारियों का श्रीराम दरबार मंदिर, धुर्वा में होगा जुटान

Mar 27, 2022 - 12:56
 0  7
महानगर औद्योगिक महावीर मंडल की वार्षिक बैठक आयोजित , वेद प्रकाश सिंह अध्यक्ष मनोनीत

रांची। धार्मिक-आध्यात्मिक संस्था महानगर औद्योगिक महावीर मंडल की वार्षिक बैठक रविवार को धुर्वा में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता वेदप्रकाश सिंह को मंडल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया की महानगर औद्योगिक महावीर मंडल के अंतर्गत सभी अखाड़ाधारी धुर्वा बस स्टैंड के समीप श्रीराम दरबार मंदिर में जुटेंगे। यहीं से रामनवमी जुलुस निकलेगी और पुनः सभी यहीं लौट कर आएंगे। अखाड़ाधारी शस्त्र चालन एवं अपनी कला का प्रदर्शन श्रीराम दरबार मंदिर परिसर में ही करेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अखाड़ाधारियों को महानगर औद्योगिक महावीर मंडल की ओर से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कोरोना के मद्देनजर जारी सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जुलुस निकाला जाएगा।
बैठक में इस क्षेत्र के 15 अखाड़ाधारी शामिल हुए।

इस संबंध में श्रीराम दरबार मंदिर समिति से जुड़े राम भक्त अमरनाथ सिंह ने कहा कि रामनवमी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जन्मोत्सव पर्व है।
धुर्वा क्षेत्र औद्योगिक महानगरी के नाम से जाना जाता है। नगरवासियों के लिए श्रीराम दरबार मंदिर अयोध्या नगरी का प्रारूप है। इसलिए सारे अखाड़ाधारियों का झंडा यहां आना तर्कसंगत और स्वागतयोग्य है। इसके लिए महानगर औद्योगिक महावीर मंडल द्वारा की गई पहल काफी सराहनीय है।
उन्होंने रामनवमी के अवसर पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं/भक्तों को श्रीराम दरबार मंदिर परिसर, धुर्वा में आकर समारोह को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में श्रीराम दरबार मंदिर समिति के पदधारी व सदस्यगण एवं महानगर औद्योगिक महावीर मंडल से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0