शेष 9 जिलों के व्यापारियों को भी राहत दे सरकार : दीपेश निराला

Jun 3, 2021 - 16:06
 0  8
शेष 9 जिलों के व्यापारियों को भी राहत दे सरकार : दीपेश निराला

रांची। जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता और फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (फैम) के प्रदेश महासचिव दीपेश कुमार निराला ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर लॉकडाउन के दौरान शेष 9 जिलों के व्यापारियों को भी छूट देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के मद्देनजर झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह 10 जून तक बढ़ाए जाने का निर्णय स्वागत योग्य कदम है। लेकिन इसके साथ ही विगत तकरीबन दो माह से बंद पड़े वस्त्र,जूते-चप्पल, कॉस्मेटिक्स व ज्वेलरी के व्यवसायियों की समस्याओं का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राज्य के 15 जिलों में सभी व्यवसायिक गतिविधियों को संचालित करने की छूट दी गई है, उसी तरह से शेष जिलों में भी व्यवसायियों को कारोबार पुनः शुरू करने की इजाजत दी जाए। विदित हो कि कपड़ा, जूता-चप्पल, ज्वेलरी और कॉस्मेटिक्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों के बंद होने से इस क्षेत्र के व्यवसायियों की आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि जून -जुलाई महीने में शादी विवाह का लग्न रहता है। वस्त्र, रेडीमेड परिधान,ज्वेलरी, जूता-चप्पल के प्रतिष्ठान बंद होने से इन व्यापारियों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। छोटे-छोटे व्यापारियों के समक्ष तो भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने फैम की तरफ से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अनुरोध किया है कि चरणबद्ध तरीके से शेष 9 जिलों में भी इन प्रतिष्ठानों को प्रतिदिन कम से कम 6 घंटे खोलने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए की जा रही राज्य सरकार की पहल सराहनीय है। लॉकडाउन के दौरान दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने से काफी हद तक कोरोना संक्रमण पर काबू पाया जा सका है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0