लॉकडाउन से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री मुहैया करा रही है स्वयंसेवी संस्था “गूंज”

May 5, 2020 - 14:44
 0  11
लॉकडाउन से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री मुहैया करा रही है स्वयंसेवी संस्था “गूंज”

रांची : वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के मद्देनजर किए गए देशव्यापी लाॅकडाउन के दौरान विशेषकर गरीबों को हो रही परेशानियों को देखते हुए अखिल भारतीय स्तर की स्वयंसेवी संस्था “गूंज” ने मदद के हाथ बढ़ाए हैं। संस्था की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के गरीबों को चिन्हित कर राहत सामग्री बांटी जा रही है। इस संबंध में “गूंज” के झारखंड-ओडिशा राज्य समन्वयक सुरेश कुमार ने बताया कि उनकी संस्था की ओर से जरूरतमंदों के बीच खाद्यान्न व अन्य उपयोगी सामान बांटे जा रहे हैं। इससे गरीबों को काफी राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि अब तक झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 450 से अधिक गरीब परिवारों के बीच राशन सामग्री व अन्य जरूरत के सामान बांटे गए हैं।

इस क्रम में सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत बेलडीह पंचायत के जरकी गांव में संथाली समुदाय के 27 परिवारों के बीच राशन व अन्य सामान बांटे गए। उन्होंने बताया कि इस गांव के लोग लाॅकडाउन से प्रभावित हैं और जीविकोपार्जन के लिए कहीं जा नहीं सकते हैं। इनके समक्ष भोजन की समस्या को देखते हुए “गूंज” संस्था की ओर से प्रति परिवार 5 किलो चावल,5 किलो आटा, एक किलो मूढ़ी, सरसों तेल, साबुन, सोयाबीन, हरी सब्जियां, आलू, प्याज आदि बांटे गए। श्री कुमार ने बताया कि इस अवसर पर लाॅकडाउन के दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया। उनके बीच मास्क व सैनिटाइजर भी बांटे गए। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान नागरिकों के लिए जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए और शारीरिक दूरी बनाए रखते हुए संस्था की ओर से गरीबों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन की अवधि तक बेघर,बेसहारा और बेहद गरीब परिवारों को चिन्हित कर उनके बीच राशन आदि बांटने का क्रम जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में उन्हें अन्य सामाजिक संगठनों का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। राशन वितरण में दयामय सहित गांव के अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0