राष्ट्रीय समाजसेवा रत्न-2021 से नवाजे गए तुषारकांति शीट

May 31, 2021 - 10:39
 0  14
राष्ट्रीय समाजसेवा रत्न-2021 से नवाजे गए तुषारकांति शीट

रांची। कोरोना संक्रमण काल में मानव सेवा की उत्कृष्ट मिसाल पेश करने वाले राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित आम्रपाली अपार्टमेंट निवासी समाजसेवी तुषार कांति शीट को राष्ट्रीय समाज सेवा रत्न-2021सम्मान से नवाजा गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था “द ग्लोबल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन” द्वारा रविवार को आयोजित ऑनलाइन सम्मान समारोह में श्री शीट को सम्मानित किया गया। समारोह का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त शख्सियत व दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति (भारत रत्न) स्व. नेल्सन मंडेला की स्मृति में किया गया था।
गौरतलब है कि शहर के जाने-माने समाजसेवी तुषार कांति सामाजिक संस्था श्रीरामकृष्ण सेवा संघ के सहायक सचिव हैं। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण काल के दौरान विगत तकरीबन डेढ़ वर्षों से वह पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति समर्पित हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में उनका सक्रिय योगदान और उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली को देखते हुए द ग्लोबल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन की ओर से उन्हें यह सम्मान दिया गया। श्री शीट एक सामाजिक कार्यकर्ता के साथ साथ पर्यावरण प्रेमी और पशु प्रेमी भी हैं। कोरोना संक्रमण काल के दौरान गरीबों और जरूरतमंदों की हर संभव सहायता करने के अलावा वह सड़कों पर लावारिस विचरण करते बेजुबान जानवरों को निवाला उपलब्ध कराने के प्रति भी सक्रियता से जुटे हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और संवर्द्धन की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। कई जगहों पर पौधरोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अब तक लगभग छह हजार शवों की अंत्येष्टि में शामिल होकर मानव सेवा की एक अद्भुत मिसाल पेश की है।
विदित हो कि द ग्लोबल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन द्वारा कोरोना संक्रमण काल के दौरान समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, खेल, विज्ञान, व्यापार आदि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे कुछ चुनिंदा विभूतियों और संस्थाओं का चयन करते हुए उनकी समीक्षा की गई थी। इन विभूतियों और संस्थाओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय समाज सेवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। फाउंडेशन की ओर से देश की दर्जनभर स्वयंसेवी संस्थाओं और तकरीबन दो हजार समाजसेवियों का चयन किया गया था। इसमें से उत्कृष्ट कार्य करने वाले 70 सामाजिक कार्यकर्ताओं को फाउंडेशन की ओर से आयोजित ऑनलाइन सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। उक्त सभी सामाजिक कार्यकर्ता देश के विभिन्न शहरों से चुने गए थे। इनमें से कई कार्यकर्ताओं और संस्थाओं ने इंसानियत और मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। फाउंडेशन की ओर से सभी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0