बाजार समितियों की समस्याओं को लेकर कृषि मंत्री के से मिला चैंबर का प्रतिनिधिमंडल

Jun 23, 2021 - 15:01
 0  8
बाजार समितियों की समस्याओं को लेकर कृषि मंत्री के से मिला चैंबर का प्रतिनिधिमंडल

रांची। प्रदेश के बाजार समितियों की आधारभूत संरचना को विकसित करने के साथ ही मंडियों में मूलभूत संसाधनों की उपलब्धता के लिए झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा के नेतृत्व में कृषि मंत्री बादल पत्रलेख से मिला। मुलाकात के क्रम में चैंबर द्वारा सभी जिलों में अवस्थित बाजार समितियों की आधारभूत संरचना को विकसित करने, नियमित सफाई व्यवस्था सुलभ कराने, सड़क एवं स्ट्रीट लाईट के मरम्मतीकरण तथा स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता पर चर्चा की गई। इसी प्रकार बाजार समितियों में कोल्ड स्टोरेज के निर्माण पर भी वार्ता हुई। यह कहा गया कि चूंकि कोल्ड स्टोरेज का निर्माण विभाग की प्राथमिकता में है, ऐसे में बाजार समिति या इसके आसपास कोल्ड स्टोरेज की स्थापना से व्यवसायियों के साथ ही कृषकों को भी लाभ मिलेगा। मंत्री बादल पत्रलेख ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि बाजार समितियों को एक माॅडल बाजार समिति के रूप में विकसित किये जाने की सरकार की मंशा है। बाजार समिति में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों, इस दिशा में आवश्यक प्रयास किये जा रहे हैं। कोल्ड स्टोरेज के निर्माण हेतु भी उन्होंने विभागीय बजट में प्रावधान लाये जाने की बात कही। चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा ने यह भी सुझाया कि बाजार मंडियों में खाली पड़े भूखंड जो वर्तमान में अनुपयोगी हैं, वहां पर अतिरिक्त दुकान का निर्माण किया जाय तो इससे सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी। मंत्री ने इस सुझाव से प्रेरित हो, इस हेतु बजटीय प्रावधान करने की बात कही।

प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा, महासचिव राहुल मारू, सह सचिव राम बांगड़ एवं उप समिति चेयरमेन प्रमोद सारस्वत सम्मिलित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0