पारस एचईसी अस्पताल में अब डायलिसिस और गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी चिकित्सा सुविधाएं भी होंगी उपलब्ध

अगले छह माह में तीन और सुपर स्पेशियलिटी विभाग होगा शुरू : डॉ.नितेश

Jun 24, 2021 - 13:44
 0  13
पारस एचईसी अस्पताल में अब डायलिसिस और गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी चिकित्सा सुविधाएं भी होंगी उपलब्ध

रांची, एचईसी आवासीय परिसर (धुर्वा) स्थित पारस एचईसी अस्पताल में 24 जून से डायलिसिस सेवा की शुरुआत की गई है। इसके अलावा गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग की भी शुरूआत की गई है। डायलिसिस सेवा नेफ्रोलॉजी विभाग का भाग होगा। यह डॉ.पंकज मिश्रा के मार्गदर्शन में काम करेगा। वहीं गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग डॉ.आदित्य वर्द्धन के मार्गदर्शन में काम करेगा। उक्त जानकारी पारस एचईसी अस्पताल के यूनिट हेड डॉ. नितेश ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर दी। डॉ. नितेश ने बताया कि डॉ. मिश्रा के पास किडनी संबंधी रोग के इलाज का लंबा अनुभव है। वह कंसल्टेंट के रूप में प्रतिदिन अपराह्न 12 से तीन बजे के बीच पूरे सप्ताह अस्पताल में उपस्थित रहेंगे। वहीं, डॉ.आदित्य हर रोज अपराह्न एक बजे से चार बजे तक पारस अस्पताल को सेवाएं देंगे। उन्होंने बताया कि गैस्टोइंट्रोलॉजी विभाग सभी प्रकार के इंडोस्कोपी और कोलोनोस्कोपी सुविधा से युक्त होगा। डॉ. नितेश ने अस्पताल के आधुनिकीकरण के संबंध में आगे की रणनीति के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पारस एचईसी अस्पताल चिकित्सा के क्षेत्र में नए-नए संसाधनों से लैस सुपर स्पेशियलिटी विभाग की भी स्थापना की दिशा में अग्रसर है। अगले छह माह में अस्पताल में कॉर्डियोलॉजी, न्यूरो साइंस, यूरोलॉजी और कॉर्डियोथोरारीक सर्जरी विभाग क्रियाशील हो जाएगा। गौरतलब है कि धुर्वा स्थित पारस एचईसी अस्पताल अक्टूबर 2019 से रांची और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करा रहा है। अस्पताल में स्थापना काल से ही मेडिसिन, जेनरल सर्जरी, शिशु रोग, आर्थोपेडिक ऑब्सटेट्रिक एंड गायनकोलॉजी ऑप्थोमलॉजी, दंत रोग और फिजियोथेरेपी विभाग एक छत के नीचे सेवारत है। मरीजों को हर तरह की बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के वादे के तहत पारस एचईसी अस्पताल लगातार नए-नए संसाधनों और तकनीकों को शामिल कर रहा है। ताकि यथाशीघ्र सभी सुपर स्पेशियलिटी विभाग शुरू किया जा सके। इसी क्रम में पारस एचईसी अस्पताल ने पूर्ण डायलिसिस सेवा और गेस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग शुरू करने की पहल की है। डॉ.नितेश ने बताया की डायलिसिस सेवा प्रारंभ होने के अवसर पर आॅफर के तहत 31 जुलाई तक मात्र 1500 रुपए में डायलिसिस की जाएगी। उसके बाद डायलिसिस कराने का शुल्क 1950 रुपये होगा। प्रेस वार्ता में अस्पताल के अन्य चिकित्सकगण व पारा मेडिकलकर्मी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0