नियम विरुद्ध शुल्क वसूलने वाले निजी स्कूल प्रबंधन पर होगी कार्रवाई : उपायुक्त

झारखंड अभिभावक संघ ने मनमाना शुल्क वसूलने वाले स्कूलों की सूची सौंपी

Jun 23, 2021 - 11:43
 0  10
नियम विरुद्ध शुल्क वसूलने वाले निजी स्कूल प्रबंधन पर होगी कार्रवाई : उपायुक्त

रांची। नियम विरुद्ध मनमाने तरीके से शुल्क वसूलने वाले निजी स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई और राज्य बोर्ड से संबद्धता प्राप्त स्कूल शामिल है। उक्त बातें उपायुक्त छवि रंजन ने झारखंड अभिभावक संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में कही। उन्होंने समिति के अध्यक्ष अजय राय को आश्वस्त करते हुए कहा कि कोई भी स्कूल अपनी मनमर्जी से फीस नहीं बढ़ा सकता है। यदि किसी स्कूल प्रबंधन द्वारा ऐसा किया गया है, तो उसके विरुद्ध नियमसंगत कार्रवाई होगी। श्री राय ने बताया कि उपायुक्त ने कहा है कि फीस जमा नहीं करने वाले जिन छात्रों को ऑनलाइन क्लास से वंचित कर दिया गया है, उन्हें तत्काल ऑनलाइन क्लास से जोड़ें। उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि सरकार के आदेश की अवहेलना कर कोई स्कूल प्रबंधन अपनी मनमर्जी से निर्णय लेता है, तो वैसे स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजधानी रांची के सभी संबद्धता प्राप्त स्कूलों की जांच को लेकर एक कमेटी भी बनाने की बात भी कही।
गौरतलब है कि झारखंड अभिभावक संघ ने विगत दिनों रांची के उपायुक्त छवि रंजन से मिलकर निजी स्कूलों की मनमानी के संदर्भ में जानकारी देते हुए इस पर अविलंब रोक लगाने और अभिभावकों को राहत देने का अनुरोध किया था। श्री राय ने उपायुक्त को यह भी जानकारी दी थी कि निजी स्कूल प्रबंधन झारखंड शिक्षा न्यायाधिकरण द्वारा जारी अधिसूचना का भी अनुपालन नहीं करते हैं। निजी स्कूल प्रबंधन द्वारा सरकारी दिशा-निर्देशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। उन्होंने उपायुक्त को रांची शहर स्थित दर्जनाधिक निजी स्कूलों की सूची सौंपते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई का आग्रह किया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0