निजी स्कूलों में लाॅकडाउन पीरियड की फीस माफ करने को लेकर स्टैंड क्लीयर करे कांग्रेस : अजय राय

लॉक डाउन की अवधि ( लगभग 3 महीने) का शिक्षण शुल्क माफ करने से अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी।

May 15, 2020 - 11:32
 0  18
निजी स्कूलों में लाॅकडाउन पीरियड की फीस माफ करने को लेकर स्टैंड क्लीयर करे कांग्रेस : अजय राय

रांची : ऑल स्कूल पैरेंट्स एसोसिएशन, झारखंड के अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि निजी स्कूलों में लॉकडाउन की अवधि का शिक्षण शुल्क माफ करने को लेकर कांग्रेस अपना स्टैंड क्लियर करे। श्री राय ने कहा है कि एक ओर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश सरकार से प्राइवेट स्कूलों के तीन महीने की फीस माफ करने की मांग करती हैं। वहीं, दूसरी तरफ झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता स्कूलों में अभिभावकों से फीस जमा करवाने के लिए निजी स्कूल संचालकों के पक्ष में बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने मध्यमवर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कहा है कि ऐसे विषम परिस्थिति में मध्यमवर्गीय परिवार के ऊपर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उनकी आमदनी बंद हो गई है। इसलिए लॉक डाउन की अवधि ( लगभग 3 महीने) का शिक्षण शुल्क माफ करने से अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी अभिभावक हित में राज्य सरकार से अनुरोध कर रही हैं। वहीं, दूसरी ओर झारखंड में कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता निजी स्कूल प्रबंधन के प्रवक्ता के रूप में अभिभावकों पर स्कूल फीस जमा करने का दबाव बना रहे हैं। इससे कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर हो रहा है। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों में शिक्षण शुल्क माफ करने के मुद्दे पर कांग्रेस पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करे, कि वह अभिभावकों को राहत पहुंचाना चाहती है या स्कूल प्रबंधन द्वारा किए जा रहे अभिभावकों के शोषण में साथ देना चाहती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0