जिलास्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त ने अवैध उत्खनन रोकने का दिया निर्देश

ईंट भट्ठा, क्रशर, बालू घाटों, पत्थर खदान क्षेत्रों की नियमित जांच का आदेश

Jun 8, 2021 - 17:03
 0  6
जिलास्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त ने अवैध उत्खनन रोकने का दिया निर्देश

रांची। अवैध खनन को लेकर उपायुक्त छवि रंजन ने सख्त कदम उठाया है। जिले में अवैध खनन की रोकथाम के लिए जिलास्तरीय खनन टास्क फोर्स को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जिले में ईंट भट्ठा, क्रशर, बालू घाटों, पत्थर खदान एवं लीज खनन क्षेत्र की नियमित जांच करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया है। समाहरणालय ब्लाॅक ए स्थित सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स बैठक में आरक्षी अधीक्षक ग्रामीण, वन प्रमंडल पदधिकारी, रांची, अपर समाहर्ता, रांची, अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर, जिला खनन पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी, झारखंड राज्य प्रदूषण पर्षद, रांची, संबंधित अंचलाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में उपायुक्त छवि रंजन ने जिला में अवैध खनन की रोकथाम के लिए विगत छह महीने के दौरान कृत कार्रवाई की समीक्षा की। जिला खनन पदाधिकारी से उपायुक्त ने की गयी कार्रवाई का ब्यौरा लिया। सभी अधिकारियों को अवैध खनन सहित ईंट भट्ठों के आसपास प्रदूषण की जांच के सख्त निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ पूरी सख्ती बरतें। बैठक के दौरान उपायुक्त ने ओरमांझी और नगड़ी प्रखंड में मिट्टी, मोरम और पत्थर के अवैध खनन की भी समीक्षा की। अवैध खनन को रोकने के लिए उन्होंने अंचलाधिकारी को संबंधित थाना प्रभारी साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त छापेमारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट और सीओ की उपस्थिति में कार्रवाई करें।
उपायुक्त ने कहा कि एनजीटी के आदेशानुसार मानसून की शुरुआत के साथ जिला में बालू का उठाव नहीं होगा। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को 10 जून से 15 अक्टूबर तक अलर्ट रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध खनन हो रहा है, वहां औचक निरीक्षण करें। उपायुक्त ने एनजीटी के आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने एनजीटी द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आलोक में सभी अवैध खनन या लीज खनन क्षेत्र में दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर की गयी जांच की भी समीक्षा की।
बैठक के दौरान छवि रंजन ने जिला में ईंट भट्ठा, क्रशर, बालू उठाव, पत्थर खदान एवं लीज खनन क्षेत्र की जांच करने का निर्देश दिया। जिला खनन पदाधिकारी को उन्होंने प्रदूषण पर्षद, बिजली, परिवहन और सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट से आवश्यक सूचना लेकर विभिन्न बिन्दुओं पर फाॅर्मेट तैयार कर जांच करने को कहा। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को हर हाल में अवैध उत्खनन रोकने की सख्त हिदायत दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0