कोरोना से मृत लोगों की स्मृति में लगाएं पौधा : तुषार कांति

Jun 18, 2021 - 15:15
 0  8
कोरोना से मृत लोगों की स्मृति में लगाएं पौधा : तुषार कांति

रांची। पेड़-पौधे हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) देते हैं। पौधों से हमें फल, औषधियां व छाया प्राप्त होती है। पौधे पर्यावरण को शुद्ध रखने में भी काफी सहायक होते हैं। उक्त बातें शहर के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता और श्रीरामकृष्ण सेवा संघ के सहायक सचिव तुषार कांति शीट ने कही। श्री शीट शुक्रवार को निवारणपुर स्थित आदिम जाति सेवा मंडल और बीएसवी स्कूल परिसर में विगत दिनों लगाए गए विभिन्न प्रकार के फलदार व औषधीय पौधों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने उक्त दोनों परिसर में रह रहे लोगों से नियमित रूप से पौधों की देखभाल करने की अपील की। पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित श्री शीट ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना ने हमें ऑक्सीजन के महत्व का एहसास करा दिया है। पेड़-पौधे ऑक्सीजन का मुख्य स्रोत होते हैं। ये हमें ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि प्रदूषित पर्यावरण को शुद्ध, संतुलित और प्राणदायी भी बनाए रखते हैं। फलदार पेड़ हमें शरीर के लिए आवश्यक पौष्टिक पदार्थ प्रदान करते हैं। वहीं, औषधीय पेड़-पौधों से हमें जड़ी-बूटियां प्राप्त होती है, जो हमें स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं।
उन्होंने कहा कि मानव सहित अन्य प्राणियों के अस्तित्व के लिए पेड़ों का होना जरूरी है। इससे पर्यावरण संतुलित रहता है। पेड़-पौधे होंगे तो हमें शुद्ध वायुमंडल प्राप्त होगा। पौधा लगाकर हम पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचा सकते हैं।
विदित हो कि श्री शीट अब तक विभिन्न जगहों पर लगभग पांच हजार फलदार, औषधीय व छायादार पौधे लगा चुके हैं। वह लोगों को पौधारोपण के लिए सदैव प्रेरित करते रहते हैं। साथ ही उन्हें विभिन्न प्रकार के पौधे उपलब्ध कराने में भी जुटे रहते हैं।
उन्होंने आदिम जाति सेवा मंडल निवारणपुर में रह रहे बच्चों को भी पेड़-पौधों के संरक्षण और संवर्द्धन के प्रति प्रेरित किया।
श्री शीट ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान ऑक्सीजन का क्या महत्व है? यह हमें पेड़-पौधों ने बता दिया है। ऐसे में कोरोना से जंग जीतने में सफल रहे हर व्यक्ति को पौधारोपण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने इस महामारी के दौरान अपने परिजनों को खो चुके लोगों से भी उनकी स्मृति में एक पौधा लगाने की अपील की।
गौरतलब है कि विगत दिनों भारतीय स्टेट बैंक की एसएमईसी शाखा की ओर से आदिम जाति सेवा मंडल परिसर और बीएसवी स्कूल परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार व औषधीय पौधे लगाए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0