कोरोना पर काबू पाने के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी : डॉ.महुआ माजी

May 21, 2021 - 11:52
 0  10
कोरोना पर काबू पाने के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी : डॉ.महुआ माजी

रांची। झारखंड राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष व झामुमो (महिला विंग) की स्टेट प्रेसिडेंट डॉ.महुआ माजी ने कहा है कि राज्य में कोरोना संक्रमण के घट रहे मामले सुखद संकेत हैं। फिर भी ऐसे समय विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में राज्य में कोरोना पर काबू पाने में आशातीत सफलता मिल रही है। चिकित्सकगण, पारा मेडिकलकर्मी व नर्स सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के समर्पित भाव से किए जा रहे कार्यों का ही प्रतिफल है
कि कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने में हम सफल हो रहे हैं। उन्होंने इस दिशा में राज्य के स्वयंसेवी संगठनों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे समय हमें विशेष रूप से एहतियात बरतने की जरूरत है। वैश्विक महामारी का रूप ले चुकी कोरोना से बचाव के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि इसमें जरा सी भी कोताही जानलेवा साबित हो सकती है।
डॉ.माजी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के साथ-साथ इससे बचाव के अन्य उपायों के प्रति भी सजग रहें।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ जारी जंग में सामूहिक सहभागिता जरूरी है। सब मिलकर इस वैश्विक आपदा को चुनौती के रूप में स्वीकार करें। मास्क, सैनिटाइजर व शारीरिक दूरी का अनुपालन करें, तभी हम कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ाई जीतने में पूरी तरह सफल हो सकेंगे। उन्होंने विपदा के समय आत्मानुशासन और संयम बरतने की लोगों से अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0