आम आदमी पार्टी ने डॉ अजय कुमार को बनाया झारखंड प्रभारी
प्रदेश संयोजक जयशंकर चौधरी बोले 'झारखंड में पार्टी विस्तार को मिलेगी गति।
रांची : आम आदमी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ अजय कुमार को झारखंड का प्रभारी बनाकर नयी जिम्मेदारी सौंपी गयी है। आम आदमी पार्टी झारखंड के प्रदेश संयोजक जयशंकर चौधरी ने केन्द्रीय नेतृत्व के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि डॉ कुमार को प्रभारी बनाये जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और यह कार्यकर्ताओं में नयी उर्जा का संचार करेगा। झारखंड में पार्टी को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा और सूबे में पार्टी विस्तार को गति मिलेगी। जल्द ही डॉ अजय का राज्य दौरा होगा।
बिहार और झारखंड में माफिया राज से लोहा लेकर अलग पहचान बनाने वाले पूर्व आइपीएस अधिकारी डाॅ. अजय कुमार कुछ माह पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। इससे पहले वह जमशेदपुर से सांसद रह चुके हैं और झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। डॉ. अजय कुमार ने वर्ष 1994 से 1996 तक जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक के तौर पर सेवाएं दीं। उन्होंने शहर की कानून व्यवस्था को बेहतर किया। उन्हें ऐसे वक्त में जमशेदपुर का एसपी बनाया गया था, जब माफिया राज से त्रस्त होकर टाटा स्टील शिफ्ट होने की योजना बना रही थी। डाॅ. अजय कुमार के काम की वजह से जमशेदपुर में माफिया राज खत्म हुआ और टाटा ने पलायन का प्लान रद्द कर दिया। इसी के बाद वे जनता के हीरो बन गए। डाॅ. अजय कुमार का जन्म कर्नाटक के मैंग्लोर में हुआ था। उन्होंने हैदराबाद से स्कूली पढ़ाई की। 1985 में उन्होंने पुंडुचेरी के जवाहर लाल इंस्टीट्यूट से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। 1986 में वह इंडियन पुलिस सर्विस के लिए चुने गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
