अभिषेक सिन्हा टाइम्स नाउ की रैंकिंग में देश के टाॅप40-अंडर40 विधि विशेषज्ञों में शुमार

May 29, 2021 - 12:00
 0  20
अभिषेक सिन्हा टाइम्स नाउ की रैंकिंग में देश के टाॅप40-अंडर40 विधि विशेषज्ञों में शुमार

रांची। राजधानी के डोरंडा स्थित नॉर्थ ऑफिस पाड़ा क्षेत्र के निवासी अभिषेक सिन्हा को मीडिया जगत की ख्यातिप्राप्त संस्थान टाइम्स नाउ की ओर से किए गए एक सर्वेक्षण के आधार पर 40वर्ष से कम आयु के देश के शीर्ष 40 विधि विशेषज्ञों में शुमार किया गया है। विगत दिनों टाइम्स नाउ की ओर से इससे संबंधित घोषणा की गई। संस्थान की ओर से श्री सिन्हा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
अभिषेक की प्रारंभिक शिक्षा डोरंडा के श्यामली कॉलोनी स्थित जवाहर विद्या मंदिर से हुई। वहां से उन्होंने प्लस टू की परीक्षा पास की। तत्पश्चात पूणे स्थित इंडियन लाॅ सोसायटी (आईएलएस) में दाखिला लिया। वहां पांच वर्षों तक अध्ययन करने के बाद लॉ की डिग्री हासिल की। अभिषेक ने विधि के क्षेत्र में सफलतापूर्वक अग्रसर होते हुए एक कुशल कॉरपोरेट लॉयर बनने का लक्ष्य निर्धारित कर रखा था। जिसे उन्होंने अपनी कठिन परिश्रम और निष्ठा के बलबूते प्राप्त भी कर लिया।
आईएलएस से डिग्री हासिल करने के बाद अभिषेक मुंबई चले गए। वहां तकरीबन डेढ़ दशक तक विभिन्न लॉ फर्म में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने अपनी कार्यकुशलता के बलबूते उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की। अभिषेक की पहचान एक कुशल विधि विशेषज्ञ के रूप में स्थापित हो गई। तत्पश्चात उन्होंने
विधि के क्षेत्र में सेवाएं प्रदान करने के लिए वर्ष 2020 में स्टार्टअप योजना से प्रभावित होकर अपना खुद का एक फर्म स्थापित किया। लाॅ फर्म का नाम रखा “नाॅटजस्टलेक्स”। इस फर्म के बैनर तले श्री सिन्हा कॉरपोरेट सेक्टर की देश की नामचीन कंपनियों को विधि परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराते हैं। इसके अलावा लॉ की डिग्री प्राप्त करने वाले नए छात्रों को विधि के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के आवश्यक प्रशिक्षण की सुविधा भी मुहैया कराते हैं। उनके इस प्रयास से एक ओर कॉरपोरेट सेक्टर की कंपनियों को विधि के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की आवश्यक सेवाएं व सुविधाएं सुलभ होती हैं, वहीं, दूसरी तरफ लॉ की डिग्री हासिल करने वाले नए छात्रों को प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार सृजन के अवसर भी प्राप्त होते हैं। वर्तमान में अभिषेक की पहचान देश के नामचीन विधि परामर्शदाताओं के रूप में है। कम उम्र में ही विलक्षण प्रतिभा के धनी अभिषेक को विधि क्षेत्र में अद्भुत ज्ञान और क्षमता के आधार पर टाइम्स नाउ की ओर से 40 वर्ष से कम आयु वर्ग के देश के 40 शीर्ष विधि परामर्शियों में शामिल किया गया। अभिषेक सिन्हा ने बतौर विधि परामर्शी कई पुस्तकें भी लिखी हैं। वह देश-विदेश की कई संस्थाओं से भी में जुड़े हुए हैं। उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए इंडियन अचिवर्स फोरम की ओर से यंग अचीवर अवार्ड भी प्राप्त हो चुका है। वहीं, बेस्ट एजुकेशन एंड ट्रेनिंग इनीशिएटिव इंडिया लीगल अवार्ड से भी वे सम्मानित हो चुके हैं। बार काउंसिल आफ महाराष्ट्र एंड गोवा, इंटरनेशनल बार एसोसिएशन, लॉ सोसायटी ऑफ इंग्लैंड सहित देश-विदेश की कई ख्यातिप्राप्त संस्थाओं से अभिषेक जुड़े हैं। वे कहते हैं कि ईमानदारी और मेहनत के बलबूते हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। अभिषेक अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों को देते हैं, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से वे यह मुकाम हासिल करने में सफल रहे। उनके पिता अभय कुमार सिन्हा निजी क्षेत्र की एक कंपनी से रिटायर्ड हैं। वहीं, उनके चाचा विनय सिन्हा दीपू एक कुशल राजनीतिज्ञ हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0